अमेठी दौरे के दूसरे दिन भी पीएम नरेंद्र मोदी पर हमलावर राहुल गांधी
अमेठी । कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने तीन दिवसीय अमेठी दौरे के दूसरे दिन मुंशीगंज गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाने के बाद क्षेत्र में दौरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर रखा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लोगों का ध्यान बड़ी तथा गंभीर समस्या से हटाने का बड़ा आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे के दूसरे दिन भी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस समय देश हर मोर्चे पर गंभीर संकट में है, ऐसे में मोदी उनका ध्यान हटाने को लोगों को भयाक्रांत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समस्याओं पर फोकस करें लोगों को पैनिक करना छोड़ दें।
राहुल गांधी ने कहा कि बेरोजगारी व पीडि़त किसान इस समय देश की दो गंभीर तथा बड़ी समस्याए है। इन दोनों पर मोदी को बहाने बनाना छोड़ कुछ करना होगा। वह कुछ करके दिखाएं, इसके बाद लोगों को नए सपने दिखाएं। राहुल गांधी ने कहा कि विकास के मामले में हमारा मुकाबला चीन से है। वहां प्रतिदिन 50 हजार युवाओं को रोजगार मिल रहा है और हमारे यहां सिर्फ 450 युवा किसी तरह से रोजगार पा रहे हैं।

No comments