कड़ी सुरक्षा में पहली परीक्षा
उन्नाव। बोर्ड परीक्षा पूरे जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच कराई गई। इंटर और हाईस्कूल के छात्र परीक्षा देने के बाद गदगद दिखे। छात्रों को भरोसा है कि अंक अच्छे आएंगे। जिले में कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। कुछ केंद्रों पर अव्यवस्थाएं जरुर रही लेकिन उसे दुरुस्त कर लिया गया। मंगलवार को शुरू हुई बोर्ड परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में ही कुल 2661 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इनमें हाईस्कूल के 1285 व इंटर के 1376 अनुपस्थित विद्यार्थी शामिल हैं। डीआईओएस के साथ शिक्षा निदेशक और संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक केंद्रों का निरीक्षण किया।
स्कूल का गृह विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र केवल बालिकाओं के लिए था। जबकि इंटर का हिन्दी प्रथम प्रश्न पत्र बालक व बालिका दोनों वर्ग के परीक्षार्थियों के लिए था। हाईस्कूल की गृहविज्ञान परीक्षा के लिए कुल 13492 परीक्षार्थी बालिकाएं पंजीकृत हैं। इनमें परीक्षा देने के लिए केन्द्रों पर महज 12207 बालिकाएं ही उपस्थित हुई। जबकि 1285 बालिका परीक्षार्थी अनुपस्थित रहीं। इंटर के हिन्दी प्रथम प्रश्न में पत्र में कुल परीक्षार्थी 14323 पंजीकृत हैं। इनमें 1297 परीक्षार्थी सेंटरों पर मौजूद रहे। जबकि 1376 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यह दोनों परीक्षाएं सुबह 7 बजे से 10:45 तक कराई गईं। परीक्षाओं की शुचिता परखने के लिए शिक्षा निदेशक माध्यमिक अवध नरेश शर्मा और संयुक्त शिक्षा निदेशक सुरेन्द्र तिवारी ने निरीक्षण किया। डीआईओएस के साथ किए गए इस निरीक्षण के दौरान जिले के कुल 4 परीक्षा केन्द्र चेक किए गए। इनमें पीएलकेपी इंटर कॉलेज कालूखेड़ा, बीकेएचआर इंटर कॉलेज मौरावां, केएनपीएन इंटर कॉलेज मौरावां और पंडित दीन दयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज मवई शामिल रहा। उच्चाधिकारियों को निरीक्षण के दौरान कोई भी नकलची हाथ नही लगा।
शिक्षा निदेशक और संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक के साथ परीक्षा केन्द्रों पर शुचिता परख करवा रहे डीआईओएस राकेश कुमार ने दो कक्ष निरीक्षकों के पास मोबाईल पकड़े। इनमें पहला परीक्षा केन्द्र मौरावां स्थित केएनपीएन इंटर कॉलेज दूसरा शहर स्थित डीवीडीटी इंटर कॉलेज रहा। डीआईओएस ने बताया कि कक्ष निरीक्षको के पास मिले यह मोबाईल स्विच ऑफ पाए गए। इसके बावजूद परीक्षा केन्द्र प्रधानाचायार्ें से स्पष्टीकरण लिया गया। जिसमें उन्होंने बताया कि यह दोनों कक्ष निरीक्षक परीक्षा ड्यूटी में देर से केन्द्र पर पहुंचे थे।
डीआईओएस ने बताया निरीक्षण के दौरान डीडीआरसी इंटर कॉलेज चंदनखेड़ा में सीसीटीवी कैमरे परीक्षा के दौरान कुछ समय के लिए बंद मिले। जानकारी लेेने पर प्रधानाचार्य ने बताया कि तार टूट जाने के कारण लाइट चली गई थी। जेनरेटर चलवाया था। लाइट तो आ गई पर कैमरे न चालू हो सके। इस पर डीआईओएस ने कड़ी फटकार लगाते हुए इनवर्टर व्यवस्था की जानकारी ली। पता चला केन्द्र पर इनवर्टर नहीं है। डीआईआोएस ने प्रधानाचार्य को चेतावनी दी है कहा है कि किसी भी हालत में सीसीटीवी बंद नहीं होंगे। पूरी व्यवथा करके सूचित करें। डीआईओएस ने केन्द्र व्यवस्थापक को दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर डिबार किए जाने की चेतावनी दी है।

No comments