धूमधाम से मनाई गयी वैसाखी और दवाइयों का लगा लंगर
उन्नाव - आज खालसा पंथ के 314 वें सृजना दिवस, वैसाखी का पावन पर्व गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, उन्नाव के तत्वाधान में बड़ी ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । आज ही दिन सिक्ख धर्म के दसवें गुरु साहिबेकमाल साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने आनंदपुर साहिब में हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह में से पांच सिक्खों का चयन कर उन्हें पंंच प्यारें सजा सिक्ख धर्म की स्थापना की थी । आज प्रात: काल से ही हाकिम टोला स्थित गुरुद्वारा परिसर में गुरबाणी की कथा व कीर्तन के प्रवाह के लंगर प्रारम्भ हो गए । जिसमे हजूरी रागी भाई महिंदर सिंह, कानपुर से आये भाई अमरीक सिंह व लखनऊ से आये ज्ञानी अमर सिंह ने कथा व कीर्तन के द्वारा उपस्थित संगत को निहाल किया । इस अवसर पर उपस्थित संगत के लिए जहां भोजन के लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमे सभी ने एक साथ पंगत में बैठकर लंगर ग्रहण किया, वहीं गुरुद्वारा परिसर में निःशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर के रूप दवाइयों के लंगर का भी प्रबंध किया गया । शिविर प्रभारी व रामराज होम्योपैथिक क्लीनिक के डॉ0 जीतेन्द्र यादव व उनके सहयोगी डाक्टर्स के रूप में कानपुर व लखनऊ के सात सदस्यीय डॉक्टरों के पैनल ने इस शिविर में भिन्न भिन्न रोगों के उपचार हेतु नि:शुल्क दवाई का वितरण किया । होम्योपैथिक के जनक डा० हैनीमैन को समर्पित इस शिविर का प्रारम्भ गुरुद्वारा कमेटी व डाक्टर्स पैनल के द्वारा उनके चित्र में माल्यार्पण के साथ किया गया | इस चिकित्सा शिविर में डॉ0 शिखा सिंह, डा० शैलेश सिंह, डॉ0 प्रदीप कुमार, डॉ0 श्रद्धा दीक्षित, डॉ0 प्रीती यादव, डॉ0 आशुतोष मिश्रा ने मुख्य रूप से चर्म रोग, उदर रोग, ब्लड प्रेशर, पथरी, एलर्जी, माइग्रेन, एसिडिटी आदि रोगों हेतु 200 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवा वितरित की वहीं 80 बच्चों को चिकनपॉक्स की दवा भी पिलाई गई । पालीवाल क्लिनिक की और से घटे दरों पर 40 मरीजों का रक्त परीक्षण भी किया गया । इस अवसर पर गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबीर सिंह, उप प्रधान कुलबीर सिंह भाटिया व शिविर संयोजक अजीत पाल सिंह के द्वारा सभी डॉक्टर्स का सम्मान किया गया । इस अवसर पर मुख्य रूप से स्कूल प्रबंधक मनोहर सिंह अरोड़ा, दिलीप सिंह, जसबीर सिंह, जरनैल सिंह, बिट्टू जी, पुरषोत्तम सिंह, जगजीत सिंह, सतवंत सिंह, अरविंदर सिंह आदि उपस्थित रहे |

No comments