मंडल में फिर चक्रवाती तूफान और बारिश
बाँदा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान और अलर्ट सही साबित हुआ। रविवार की शाम चित्रकूटधाम
मंडल में 93 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी के बीच तेज बारिश
भी हुई। दिन भर की भीषण तपन और लू के बाद शाम को पारा करीब छह डिग्री सेल्सियस
नीचे चला गया। करीब आधा घंटे के बाद आंधी और बारिश का सिलसिला थमा। आंधी से
जगह-जगह पेड़ और खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
तबाही मचाने वाली एक पखवारे के अंदर यह तीसरी आंधी और बारिश थी। मौसम विभाग ने
रविवार के लिए अलर्ट जारी किया था। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं चलती रहीं। शाम
करीब साढ़े छह बजे मौसम में तेजी से तब्दीली आई और आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक हवा की रफ्तार लगभग अबकी सबसे ज्यादा 93 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। बांदा-इलाहाबाद व बांदा फतेहपुर
नेशनल हाईवे पर भारी-भरकम पेड़ गिरने से आसपास के बाशिंदे और राहगीर बाल-बाल बचे।
शहर में कई जगह टीन-टप्पर व होर्डिंग्स आदि उड़ गए। चपेट में आने से बिजली की
लाइनें टूट गईं। शहर समेत गांवों में देर रात तक बिजली गुल रही। देर रात तक तेज
हवाएं चलती रहीं।
केंद्रीय जल आयोग ने पूर्वानुमान विभाग के मुताबिक 3.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। पूर्वी हवा से यह उठापटक चल रही है। मौसम विभाग
के मुताबिक अगले दो दिनों में भी मौसम में यही उथल-पुथल होने का पूर्वानुमान है।
उधर, अतर्रा, बबेरू,
नरैनी, तिंदवारी व मटौंध प्रतिनिधियों के मुताबिक देर शाम भीषण आंधी व बारिश के साथ
छिटपुट ओले भी गिरे। इससे आम की फसल को बड़ा नुकसान हुआ। उधर, फसलों की मड़ाई के बाद उपज घर पहुंच जाने पर अधिकांश किसानों ने राहत महसूस
की।

No comments