परेशान महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास
उन्नाव। पति पर
प्रताड़ना का आरोप और थाने में शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से परेशान महिला
ने बुधवार दोपहर कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के सामने आत्मदाह का प्रयास किया।
महिला ने कलक्ट्रेट में खुद पर केरोसिन छिड़क लिया। होमगार्ड जवानों ने उसे रोका।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी। वहीं महिला को लेकर डीएम कार्यालय के सामने काफी देर हंगामा मचा रहा। किसी तरह समझाने के बाद वह मानी, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजगैन कोतवाली के
अंतर्गत नवाबगंज के मोहल्ला पछियाव निवासी संतोषी कश्यप पत्नी सुनील बुधवार को
कलक्ट्रेट पहुंचीं। डीएम के न मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट रामप्रसाद को पति के
प्रताड़ित करने का दर्द सुनाया। संतोषी ने बताया कि कोतवाली में कई बार
शिकायत की। कार्रवाई नहीं हुई। अब वह जीना नहीं चाहती। वह आत्मदाह कर लेगी। इसके
बाद संतोषी डीएम के कक्ष के सामने बैठकर खुद पर केरोसिन उड़ेलने लगीं।
यह नजारा देख
होमगार्ड जवानों के पसीने छूट गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने एसपी को फोन कर जानकारी दी।
महिला थाना प्रभारी नमिता सिंह आनन-फानन में कलक्ट्रेट पहुंचीं। यह संतोषी
को थाने लेकर गईं। कोतवाल अनिल सिंह संतोषी को कोतवाली ले गए। उन्होंने जांच व
कार्रवाई का आश्वासन दिया। मालूम हो कि महिला ने 26
अप्रैल को पति
सुनील के अलावा मोहल्ले के ही विनोद,
विवेश, दीपक, नीलम, सोनम पंडित, प्रशांत सहित नौ लोगों पर मारपीट व लूट
का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला का आरोप है कि पति का चालचलन ठीक नहीं है। इस मामले
में पुलिस जांच कर रही है। अजगैन कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि महिला मुकदमा दर्ज
करा चुकी है। उसका अपने पति पर दूसरों से संबंध होने का शक है।

No comments