पंप संचालकों की बढ़ी मुश्किलें, गड़बड़ी पाने पर डीलरशिप निरस्त
डेस्क। घटतौली और मिलावट करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन पेट्रोलियम पंप संचालकों पर कड़ा रुख करने का मन बना चुका है। बतौर इंडियन ऑयल कार्पोरेशन पेट्रोलियम पंप पर अनियमितताओं को रोकने के लिए नियमों को और कड़ा कर चुका है। जिसमें अब संचालकों को बिना मौक़ा दिए, पहली बार में गड़बड़ी करते पाए जाने पर पंप की डीलरशिप निरस्त कर दी जाएगी।
बताते चले कि पेट्रोलियम पंप संचालकों को अब तक गडबड़ी पाए जाने पर आरोपी को तीन मौके मिल जाते थे। राजधानी सहित पूरे प्रदेश में बीते साल जाच के दौरान सैकड़ों की संख्या में पेट्रोल पंपों पर भारी गड़बड़ी पकड़ी गयी थी। इंडियन ऑयल ने नियमों को और कड़ा करते हुए नये दिशा.निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब किसी तरह की घटतौली या मिलावट पर पहली बार में ही डीलरशिप खत्म कर पंप पर ताला डाल दिया जाएगा। पहले पंप संचालकों को तीन मौके मिलते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। वहीं आइओसी ने फील्ड अफसरों को भी नियमित तौर पर चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। फील्ड अफसरों को बाट-माप विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय बनाकर जाँच करने को कहा गया है। आइओसी के मुख्य प्रबंधक मार्केटिंग एमके अवस्थी का कहना है कि उपभोक्ता को सही और पूरा डीजल व पेट्रोल मिले यह हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए आइओसी लगातार प्रयासरत है। इसके तहत ही नियमों में बदलाव किए गये हैं।

No comments