शराबी पति से तंग आकर पत्नी ने धारदार हथियार से की हत्या
बलरामपुर। जनपद के थाना रेहरा बाजार क्षेत्र अंतर्गत एक महिला ने अपने पति की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि उसका पति शराब का आदी था। जिसके चलते महिला ने सनसनी खेज वारदात को अंजाम दिया। मामले के प्रकाश में आने के बाद गांव में सन्नाटा छा गया। पुलिस ने शुरुआती छानबीन के बाद ही पत्नी को हिरासत में ले लिया, और महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना जनपद के थाना रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्राम सभा बैरिया सुरजनपुर के मजरा पोखरहवा की है। जहां बीती रात एक महिला सरस्वती देवी ने अपने पति उदयभान चौहान की कुल्हाड़ी
से निर्मम हत्या कर दी। जिसके बाद घटना को छुपाने का भी प्रयास किया।
बता दें कि मृतक उदयभान अपनी पत्नी सरस्वती देवी व तीन बच्चों के साथ गांव के बाहर बने अपने मकान में रहता था। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार उदयभान नियमित रूप से देशी शराब का आदी था। शराब पीने के बाद रात में पत्नी के साथ मारपीट करता था। जिससे पत्नी तंग आ चुकी थी। हत्या का कारण घरेलू कलह तथा आपसी मारपीट से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या घरेलू कलह का कारण माना जा रहा है । हत्या सरस्वती ने ही की है इसकी संभावना प्रबल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तथा मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।

No comments