अनियंत्रित होकर ट्रेलर में घुसा ट्रक,चालक व क्लीनर की मौत
उन्नाव। कन्नौज से आलू के बीज लेकर फैजाबाद जा रहा ट्रक बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर खड़े एक ट्रेलर से टकरा गया। जिसमें ट्रक चालक व क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने वाहन में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिये पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक फैजाबाद के एच-22 टेढ़ी बाजार कटरा निवासी ट्रक चालक फकरे आलम (50) कल देर रात क्लीनर रियाज आलम (35) के साथ कन्नौज के बसंती कोल्ड स्टोरेज से आलू का बीज लादने के बाद देर रात फैजाबाद के लिए निकला था। इस दौरान लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बांगरमऊ के खंभउली मोड़ के पास सड़क पर खड़े ट्रेलर में ट्रक अनियंत्रित होकर पीछे से जा घुसा। इस हादसे में चालक और क्लीनर ट्रक में फंस गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह गैस कटर से ट्रक की बाडी काटकर दोनों को बाहर निकाला पर उससे पहले उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

No comments