सहारनपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से दो मजदूरों की मौत
सहारनपुर। जनपद में पांवधोई नदी पर बन रहे खुमरान पुल का जाल गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई और दो मजदूर जख्मी हो गए। घायल मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुल का निर्माण पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया जा रहा है। हादसे के शिकार मजदूर संभल 'चंदौसी' के रहने वाले हैं। शहर की लाइफलाइन है यह पुल शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाला यह पुल मोरगंज आदि बाजारों को जोड़ता है। इस नदी पर नए पुल का निर्माण काराया जा रहा था। हादसा मंगलवार सवेरे लगभग साढ़े दस बजे हुआ। कई मजदूर पुल के लिए लोहे का जाल बांध रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगडऩे से जाल नीचे गिर गया। परिणामस्वरूप कई मजदूर उसके नीचे दब गये। हादसे के बाद लोगों ने किसी तरह मजदूरों को बाहर निकाला, जिसके तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने दो मजदूरों जयवीर पुत्र भूरे सिंह निवासी दिलगोरा तथा रामकुमार निवासी भैंसरोली, रजपुरा, संभल को मृत घोषित कर दिया। घायल बिमलेश (25) पुत्र नयन सिंह निवासी चंदौसी व एक अन्य का उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद जिलाधिकारी आलोक पांडेय व एसएसपी दिनेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। नगर विधायक संजय गर्ग ने भी दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस नए पुल के निर्माण के लिए बीती 21 अक्टूबर को पुराने पुल को तोड़ दिया गया था। लोक निर्माण विभाग के अनुसार पुल का निर्माण तीन माह में 1.96 करोड़ की लागत से किया जाना है।

No comments