जनपद की बेटी गणतंत्र दिवस परेड में शामिल
लखीमपुर खीरी। जनपद की बेटी आगामी गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड में गोला गोकर्णनाथ की बेटी आयुषी फौजी अंदाज में वाद्ययंत्र बजाते कदमताल करती हुई दिखेगी। पिछले वर्ष अपने पिता रोटेरियन गौरव केडिया को सीतापुर में सड़क दुर्घटना में खो चुकी आयुषी नगर के व्यापारी रोटेरियन माताप्रसाद केडिया और पुष्पा की पौत्री है। माता आराधना अपने पति गौरव के निधन के बाद व्यापार संभाल रही हैं। आयुषी ने पिछले वर्ष नगर के सेंटजांस सीनियर सेकेंडरी स्कूल से कक्षा आठ तक की शिक्षा उत्तीर्ण की इसके बाद उसका प्रवेश राजस्थान के झुंझुनू जिले में पिलानी कस्बे के बिड़ला बालिका विद्या मंदिर में कक्षा नौ में हो गया। उसका भाई विरल सेंट जांस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा छह का छात्र है। बिड़ला बालिका विद्या मंदिर के 51 विद्यार्थियों के ग्रुप को इस वर्ष की गणतंत्र दिवस की परेड में वाद्य यंत्र बजाते हुए कदमताल करने के लिए चयनित किया गया है, जिसमें आयुषी ट्रंपेड बजाती हुई कदमताल करती हुई चलेगी। वहीं गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेने के बाद 28 जनवरी को विद्यालय के इस ग्रुप को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया है, जहां आयुषी का ग्रुप वाद्ययंत्र बजाएगा और राष्ट्रपति के साथ रात्रि भोज में शामिल होगा।

No comments