सरकार ने कश्मीर में तैनात अर्द्धसैनिक बल के जवानों का भत्ता बढ़ाया
डेस्क। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले के एक सप्ताह बाद गृह मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर में तैनात अर्द्धसैनिक बल के जवानों के रिस्क (जोखिम) और हार्डशिप (कठिनाई) भत्ते को बढ़ा दिया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने फैसला लेते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) य अर्द्धसैनिक बल के निचले स्तर के अधिकारियों का भत्ता विशेष लाभ के साथ हर महीने 7,600 रुपये और उच्च अधिकारियों का भत्ता 8,100 रुपये तक बढ़ा दिया है। इस बढ़ोतरी के बाद इंस्पेक्टर रैंक तक के जवानों के भत्ते को 17,300 रुपये कर दिया गया है। इस रैंक के जवानों को अब तक 9,700 रुपये मिलते है, वहीं अधिकारियों का भत्ता 16,900 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया गया है। बढ़ा हुआ भत्ता जम्मू-कश्मीर और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सभी अर्द्धसैनिकों पर लागू होगा। अहम बात यह है कि जवानों के भत्ते से जुड़ी फाइल अगस्त 2017 से लंबित थी। साल 2017 में रिस्क और हार्डशिप भत्ते के मामले को देखने और समीक्षा करने के लिए केन्द्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया था।

No comments