पब्लिक पावर संगठन ने भ्रष्टाचार के विरोध में किया प्रदर्शन
...रिपोर्ट - रत्नम चौरसिया, एडवोकेट.
पुरवा/उन्नाव - सरकारी योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में पब्लिक पावर संगठन ने ब्लाक मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और भ्रष्टाचार रूपी दानव का पुतला फूंका।
आपको बता दें कि जनपद ही नहीं अपितु पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभा रहे पब्लिक पावर संगठन ने बृहस्पतिवार को हिलौली ब्लाक मुख्यालय पर धावा बोला। जिलाध्यक्ष अभय सिंह के नेतृत्व में विभिन्न योजनाओं पर हावी आर्थिक भ्रष्टाचार के विरोध में खण्ड विकास अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में कहा गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, राशन कार्ड समेत कई सरकारी योजनाओं में जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। इसमें ब्लाक कर्मियों से लेकर अधिकारी भी शामिल है। इससे आम किसान व गरीबों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप था कि चन्द दलाल भोलीभाली जनता को लूट रहे हैं। इससे प्रदेश सरकार की छवि धूमिल हो रही है। ऐसे में संगठन के पदाधिकारियों ने मांग की कि उक्त समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए अतिशीघ्र निराकरण किया जाय और समाज के शोषित एवं वंचित तबके को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाय।
इस अवसर पर संगठन के जिला प्रमुख रामस्वरूप लोधी, जिला प्रभारी उमेश श्रीवास्तव, पुरवा तहसील प्रभारी बहारुद्दीन खान, सलमान खान समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments