महिला को जान से मारने का प्रयास
उन्नाव - बहन के घर आई महिला को उसकी जेठानी दवा दिलाने के बहाने अपने साथ ले गई और खेत में दो अन्य पुरुष सहयोगियों के साथ उसे जान से मारने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर खेत मालिक ने 100 नंबर पर सूचना दे दी। हालांकि जब तक पुलिस पहुंची आरोपी फरार हो गए। बेहोशी हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां होश आने पर उसने आपबीती बताकर जेठानी पर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सफीपुर के देवगांव निवासी मुन्ना की पत्नी लालता देवी मंगलवार को सदर कोतवाली के सिंघूपुर में रहने वाली अपनी बहन के घर आई थी। कांशीराम कालोनी में रहने वाली लालता की जेठानी को उसके सिंघूपुर आने की भनक लग गई। पहले की रंजिश का बदला लेने की सोच जेठानी ने दो सहयोगियों को बुलाया और पास के खेत में रुकने की बात कह कर देवरानी लालता को दवा दिलाने के बहाने बुधवार रात अपने साथ ले आई। वह जैसे ही खेत के पास पहुंची पहले से खड़े दो लोगों ने उसे तमंचा लगा दिया। पीड़िता लालता देवी का आरोप है कि इस दौरान जेठानी ने चाकू निकाल जान से मारने की धमकी देकर उसे जमकर पीटा। महिला ने जेठानी और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments