आयकर विभाग की लिस्ट मे जिले के 150 धनकुबेर
उन्नाव। पिछले एक साल में तिजोरियों को भरते
हुए कारोबार में दिन दूनी रात चैगुनी तरक्की करके ’धन कुबेर’ बने लोगों पर
आयकर विभाग ने अब अपनी निगाहें टेढ़ी कर ली है। वहीं जिले के स्लॉटर हाउस मालिक के
ठिकानों पर छापेमारी के बाद विभाग की लिस्ट में 150 लोग और बाकी हैं। जिन्होने नोटबंदी में जमकर चांदी काटी
है।
भ्रष्टाचार और काले धन पर प्रहार करने के लिए
केंद्र सरकार ने नोटबंदी का फैसला लिया था। इसके बाद अघोषित आय को घोषित करने के
लिए भी कई मौके दिए गए, लेकिन यहां कुछ
लोगों ने ही समझदारी दिखाई। ज्यादातर ने नोटबंदी को कमाई का जरिया बना अपने
व्यापार, प्रॉपर्टी और बैंक बैलेंस
को बढ़ाया और आयकर विभाग को नजर अंदाज किया। काले धन को ’सफेद’ करने का यह खेल
अब ऐसे लोगों को महंगा पड़ रहा है। मांस निर्यातक पर हुई छापेमारी इसकी बानगी है।
स्लॉटर हाउस पर पड़ा छापा अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई भी है। कार्रवाई के इस दौर को
आयकर विभाग आगे भी जारी रखेगा। इसके संकेत आयकर अधिकारियों ने दिए हैं। सूत्रों का
कहना है कि स्थानीय तौर पर हुए सर्वे में जिले में 150 लोग सामने आए हैं। इसमें डाक्टर, शराब कारोबारी, ट्रेडर्स और प्रॉपर्टी डीलर प्रमुख हैं। नामों को गोपनीय रखते हुए आयकर विभाग
के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मार्च 2018 तक समस्त कार्रवाई पूरी की जानी है। अघोषित आय की घोषणा
किए जाने के लिए नोटिस पूर्व में ही जारी हो चुके थे। दिसंबर 2017 तक जवाब का इंतजार ऑनलाइन और ऑफलाइन किया गया।
अब विभाग छापेमारी करेगा।

No comments