पानी लगाने गए किसान को उतारा मौत के घाट
अमरोहा। खेत पर फसल की सिचाई करने गए वृद्ध किसान की फावड़े से गर्दन काट कर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने किसान का सिर धड़ से अलग कर पास ही गड्डे में दबा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
यह घटना थाना क्षेत्र के गांव पीपली दाउद की है। यहां पर समरपाल सिंह का परिवार रहता है। पेशे से किसान समरपाल सिंह के परिवार में पत्नी केला देवी की दो साल पहले मौत हो चुकी है। चार बच्चों में दो बेटियों की शादी पहले ही कर दी थी तथा बाद में दोनों बेटों की शादी भी कर दी है। बड़ा बेटा विपिन गजरौला स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता है। जबकि दूसरा नीटू का परिवार गांव में ही रहता है। नीटू बीमार चल रहा है। इसके चलते खेतीबाड़ी की जिम्मेदारी समरपाल सिह के उपर ही थी।
इसे भी देखें फेसबुक पर करते थे चैटिंग, डेट पर मिले तो निकले............
गुरुवार रात को समरपाल सिंह गन्ने की फसल की सिचाई करने के लिए ट्यूबवेल पर गया था। रात में किसी समय हत्यारों ने फावड़े से उसकी गर्दन काट कर हत्या कर दी। सिर को धड़ से अलग कर उसे मिट्टी में दबा दिया। शुक्रवार सुबह जब बेटा नीटू खेत पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। उसने पिता का शव पड़ा देखा। नीटू ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए।मौका-ए-वारदात के हालात देखकर लोगों के रौंगटे खड़े हो गए। रोते-बिलखते अन्य परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। सूचना पाकर सीओ मोनिका यादव व प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे के कारण पता लगाए जा रहे हैं। जल्दी ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

No comments