116 रोडवेज अफसरों के साथ 11 आरएम, 38 एआरएम के हुए तबादले
NEWS DESK - उत्तर प्रदेश में आज सुबह बड़ी संख्या में रोडवेज अफसरों के तबादले किये गये हैं । जिसमें 11 आरएम व 38 एअारएम समेत 116 अफसर शामिल हैं। एक दिन पहले ही प्रदेश सरकार ने परिवहन विभाग के आठ संभागीय परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) के साथ ही 46 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ) के तबादले किये थे। परिवहन मुख्यालय में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला व परिवहन आयुक्त पी गुरु प्रसाद तीनों ने मिलकर तबादला सूची फाइनल किया।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक समेत 11 अारएम बदले गये हैं जबकि 38 सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, 10 सहायक विधि अधिकारी, 13 सहायक क्षेत्रीय लेखा अधिकारी, 21 सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वित्त,1 प्रधान प्रबंधक प्राविधिक, 4 उप मुख्य यांत्रिक अभियंता, 17 सेवा प्रबंधक, 1 सहायक अभियंता स्थानांतरण का हुआ है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक पी. गुरु प्रसाद ने लखनऊ रीजन समेत प्रदेश के विभिन्न रीजनों के आरएम, एसएम और विभिन्न डिपो के दर्जनों एआरम के शनिवार देर रात तबादले कर दिए। लखनऊ क्षेत्र के प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह को गाजियाबाद क्षेत्र का क्षेत्रीय प्रबंधक बना दिया गया।
गाजियाबाद क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके बोस अब लखनऊ क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक होंगे। इसके अलावा कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज सक्सेना को हटा दिया गया है। उन्हें मेरठ क्षेत्र का नया क्षेत्रीय प्रबंधक तैनात किया गया। इसके अलावा कई साल से कार सेक्शन में प्रबंधक के पद पर तैनात नीरज सोनकर को हटाकर कानपुर क्षेत्र का सेवा प्रबंधक बना दिया गया। लखनऊ रीजन के चारबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी के स्थान पर बरेली के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार वर्मा अब चारबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक होंगे। एआरएम आरके त्रिपाठी को गाजियाबाद क्षेत्र के खुर्जा डिपो का सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बनाया गया है। लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड गोमतीनगर डिपो में तैनात यातायात अधीक्षक डीके गर्ग को आलमबाग डिपो का प्रभारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक तैनात किया गया है। उप नगरीय डिपो में तैनात प्रभारी एआरएम प्रशांत दीक्षित को आलमबाग बस स्टेशन का बस स्टेशन इंचार्ज बनाया गया है। रायबरेली डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरपी सिंह का सिविल लाइंस डिपो, इलाहाबाद क्षेत्र के एआरएम पद पर ट्रांसफर कर दिया गया। उनके स्थान पर मुख्यालय में तैनात सहायक प्रबंधक संचालन कैलाश राम को रायबरेली के एआरएम की कमान सौंपी गई है। इलाहाबाद के प्रयाग डिपो में तैनात सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राधेश्याम को बाराबंकी डिपो का नया एआरएम बनाया गया है। हरदोई डिपो में तैनात एआरएम (कार्मिक) काशी प्रसाद को कैसरबाग बस स्टेशन का एआरएम नियुक्त किया गया है। फैजाबाद क्षेत्र की एआरएम (कार्मिक) संतोष जोशी को लखनऊ क्षेत्र का एआरएम (कार्मिक) बनाया गया है। कानपुर क्षेत्र के आजाद नगर डिपो में तैनात संजीव कांत को लखनऊ क्षेत्र का सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वित्त बनाया गया। वहीं लखनऊ क्षेत्र में तैनात एआरएम (वित्त) धीरज पांडेय को कानपुर क्षेत्र का सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (वित्त) का दायित्व सौंपा गया है। बरेली क्षेत्र के सहायक क्षेत्रीय लेखा अधिकारी अजीत सिंह को लखनऊ क्षेत्र का सहायक क्षेत्रीय लेखा अधिकारी तैनात किया गया। लखनऊ क्षेत्र के सहायक क्षेत्रीय लेखा अधिकारी अशोक कुमार मेहरोत्रा को लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड का सहायक क्षेत्रीय लेखा अधिकारी का कार्यभार सौंपा गया है।

No comments