पुर्ननिर्माण के 3 माह में ही उखड़ गई 3 करोड़ की सड़क
निर्माण कार्य में हुई गड़बड़ियां के कारण डामरीकृत सड़क जगह जगह से उखड़ चुकी है
देवरीकलाँ। सागर जनपद के देवरी तहसील मुख्यालय से विभिन्न ग्रामों को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 9.5 किलोमीटर लंबाई वाली देवरी बारहा सड़क का पुर्ननिर्माण हुआ। जिसके मात्र तीन महीने बाद ही सड़क का दम निकलने लगा है। निर्माण कार्य में हुई गड़बड़ियां के कारण डामरीकृत सड़क जगह जगह से उखड़ चुकी है। विभागीय अधिकारी जगह जगह पिचककर टूट चुकी सड़क को अंडर कन्स्ट्रशन बताकर पल्ला झाड़ रहे है परंतु पिछले एक दशक से जर्जर सड़क का दंश झेल रहे ग्रामीण विभाग के इस गैर जिम्मेदाराना रवैये से खासे आहत है।
देवरी मुख्यालय से ग्राम बारहा तक पहुँचने वाली प्रधानमंत्री सड़क योजना की डामरीकृत सड़क दूरस्थ वन अंचलों में निवास करने वाले दर्जनों ग्रामों के वाशिंदों के आवागमन का मुख्य जरिया है। विगत एक दशक में रख रखाव के आभाव में सड़क जीर्ण शीर्ण होने के कारण क्षतिग्रस्त सड़क में शुमार हो चुकी थी जिसके कारण सड़क से होकर
मुख्यालय पहुँचने से वाले ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की इसी परेशानी को ध्यान में रखकर विभाग द्वारा विगत 5 माह पूर्व उक्त सड़क का पुर्ननिर्माण कार्य निर्माण ऐजेंसी ठेकेदार के माध्यम से आरंभ कराया गया था। निर्माण कार्य में विभागीय अधिकारीयों की अनदेखी के कारण भारी अनियमितायें की गई। तय प्राँक्लन के अनुसार सड़क के डब्लू एम.एम., बी.एम एवं वर्क में वाँटर काम्पेकशन
कार्य मैनुअल रोलर से कराया गया। सड़क में सोल्डर निर्माण कार्य न होने के कारण उसका भविष्य संदिग्ध बना हुआ है। सड़क के डब्लू एम एम एवं बीएम वर्क में सामग्री की ग्रेडिंग को भी नजर अंदाज किया गया है साथ ही उनकी निर्धारित मोटाई भी संदिग्ध बनी हुई है। सड़क के सील कोड में काम्पेक्शन न होने के कारण सड़क डामरीकरण के बाद उक्त सड़क कई स्थानों पर पिचककर उखड़ चुकी है। निर्माण कार्य में हुई गड़बड़ियों के कारण सड़क में जगह जगह इंडोलेशन दिखाई दे रहा है। सड़क की दोनों पटरियों के निर्माण एवं ऐप्रोच सड़क को न जोड़े जाने के कारण ग्रामीण सड़कों से आने वाले वाहनों के कारण कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। विभागीय अधिकारियों की मनीटरिंग के आभाव में गुणवत्ताहीन सामग्री के प्रयोग के कारण सड़क में पुराने वायपास से फोरलाईन वायपास के मध्य कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह उखड़ गई है। ग्राम कांसखेड़ा से घुघरी एवं घुघरी से पिपरिया तिगड्डा के मध्य सड़क कई स्थानों पर टूटकर बिखर चुकी है। कई वर्षो से सड़क निर्माण को लेकर आशान्वित ग्रामीण सड़क निर्माण में हुई अनियमिताओं एवं भृष्टाचार से खासे आहत है। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क निर्माण में हुई गड़बड़ियों की उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए।
क्या कहते है अधिकारी
देवरी बारहा सड़क 9.5 किलोमीटर लंबी है जो अभी अंडर कन्स्ट्रशन है। माह जनवरी तक इसका निर्माण कार्य चलना है। इतनी लंबी सड़क में यदि कुछ स्थानों पर गढ्ढे हो गये है तो कोई बड़ी बात नही है। ठेकेदार से रिपेयरिंग करवा देंगे।
...रिपोर्ट - राकेश यादव। (सागर मध्यप्रदेश)

No comments