एक ही घर में लटके मिले 11 शव,पुलिस जुटी जाँच में
बरामद किए गए शव सात महिलाओं और चार पुरुषों के हैं और
सभी फांसी के फंदे पर लटके मिले
डेस्क। दिल्ली के बुराड़ी के संतनगर इलाके में एक घर से एकसाथ 11 शव मिलने
से सनसनी फैल गई। बरामद किए गए शव सात महिलाओं और चार पुरुषों के हैं और
सभी फांसी के फंदे पर लटके मिले। बताया जा रहा है कि फंदे पर लटके 10
शवों के आंखों पर पट्टी बंधी थी, जबकि एक शव जमीन पर पड़ा हुआ था।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो परिवारों के कुल 11 लोग
एक ही घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले। मरने वालों में किसी के हाथ बंधे
मिले, किसी के पैर तो किसी के मुंह पर पट्टी बंधी मिली। 11 लोगों के
परिवार में दो भाई और उनकी दो पत्नियां थीं। उनके दो लड़के करीब 16 से 17
साल के हैं। इसके अलावा एक बुजुर्ग मां और बहनें भी शामिल हैं।
बुजुर्ग मां का शव जमीन पर पड़ा मिला है। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि उनका गला दबाया गया है।
बता
दें कि घर के नीचे ही परिवार की किराने की दुकान है। बुज़ुर्ग़ महिला का एक
और बेटा राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में रहता है और उसका नाम दिनेश है, जो
सिविल कांट्रेक्टर है। बुज़ुर्ग़ महिला की 58 साल की विधवा बेटी भी साथ रहती
थी, उसकी भी लाश मिली है।
पुलिस को सुबह साढ़े सात
बजे शवों की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंच कर पुलिस ने शवों को कब्जे
में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि
यह सामूहिक हत्या का मामला है या सामूहिक आत्महत्या का। इस बीच मौके पर
पहुंची पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर रही है।
इस मामले में पुलिस
का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है, ताकि इसके पीछे
की वजहों को सामने लाया जा सके। हालांकि शुरुआती तौर पर पुलिस इसे खुदकुशी
का मामला ही मान रही है। वहीं, एक ही घर से 11 शव बरामद होने से इलाके में
हड़कंप मच गया है। कहा जा रहा है कि मरने वाले लोग दो भाइयों के परिवार
वाले हैं। इनमें से एक का प्लाईवुड का कारोबार था और दूसरे की परचून की
दुकान थी।

No comments