खाई में गिरी बस 45 लोगों की मौत,8 घायल
डेस्क। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित धूमाकोट के नैनीडांडा ब्लॉक में पिपली-भौन मोटर मार्ग पर यात्रियों से खचाखच भरी एक
बस अनियंत्रित होकर अचानक खाई में पलट गई। जिसमें 45 लोगों की मौके पर ही मौत हो
गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम हेलिकॉप्टर के जरिये मौके के लिए रवाना हो
चुकी है।

जानकारी
के अनुसार, दुर्घटना रविवार की सुबह करीब 8:45 बजे की है। यात्रियों से
खचाखच भरी एक प्राइवेट बस (यूके 12सी 0159) भौन से रामनगर जा रही थी।
नैनीडांडा ब्लॉक में पिपली-भौन मोटर मार्ग पर ग्वीन पुल के पास बस
अनियंत्रित हो गई और खाई में गिर गई। हादसे में 45 लोगों की मौके पर ही मौत
हो गई। वहीं, सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने
घायलों को धुमाकोट अस्पताल में भर्ती कराया है और शवों को ग्रामीणों की
मदद से बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि बस 28 सीटर है और उसमें संख्या से ज्यादा यात्री
सवार थे। बस सड़क से करीब 60 मीटर नीचे संगुड़ी गदेरे (बरसाती नाले) में गिर
गई। जिला आपदा कंट्रोल रूम ने हादसे में 45 लोगों के मरने की पुष्टि की है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए जिला प्रशासन को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन पुलिस और एसडीआरएफ राहत बचाव कार्य में जुट गए हैं। बस दुर्घटना पर राज्यपाल केके पॉल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जतायी है। स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने भी हादसे पर दुःख जताया है।

No comments