अधिग्रहित भूमि को लेकर नाराज किसानों के चल रहे धरना प्रदर्शन में पहुंची पूर्व सांसद अन्नू टंडन
उन्नाव। ट्रांसगंगा सिटी में सरोसी ब्लाक के शंकरपुर सरायं के किसानों की यू0पी0 एस0आई0 डी0सी0 द्वारा अधिग्रहीत की गई भूमि का मुआवजा अभी तक किसानों की मांग के अनुरूप न किये जाने से नाराज किसानों द्वारा निरंतर दिये जा रहे धरना में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस की पूर्व सांसद अन्नू टण्डन के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय घोषणा पत्र समिति के सदस्य पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी किसानों से मिलने शंकरपुर सरायं पहुंचे।
ललितेशपति ने किसानों से उनकी उक्त प्रकरण पर चर्चा कर उनसे उनकी मांग जानी किसानों द्वारा बताया कि हम लोगों की जमीन ट्रांसगंगा सिटी योजना के लिये यू0पी0 एस0आई0 डी0सी0 द्वारा अधिग्रहीत की गई थी तथा अधिग्रहीत की गई भूमि का मुआवजा उन्होंने मनमाने तरीके से किसानों को दिया जबकि किसानों का कहना है कि हमें मुआवजा सरकारी रेट पर चाहिये।
किसानों की बात को ध्यान से सुनने के बाद पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी ने किसानों से कहा कि आपकी बात को राहुल गांधी तक पहुंचाऊँगा और आपके इस मुद्दे में कांग्रेस के घोषणा पत्र में भी शामिल कराने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि राहुल जी के नेतृत्व में ही भूमि अधिग्रहण बिल किसानों के हित में लाया गया था लेकिन आज की केन्द्र सरकार ने जैसे तय कर लिया है कि किसानों को उनकी उचित मांगों के जवाब में सिर्फ व सिर्फ जुमलेबाजी कर किसानों को उन्हीं के हाल पर छोड़ देंगे।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि उन्नाव के किसानों की आवाज कांग्रेस की आवाज बनकर उभरेगी। उन्नाव के किसान भाइयों को कतई डरने की जरूरत नहीं आपके मुआवजे का एक-एक पैसा सरकार से दिलाने की लड़ाई लड़ी जायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब-जब किसानों के साथ छल किया गया है। तब-तब राहुल जी के नेतृत्व में पूरी कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ उनके संघर्ष में खड़ी हुई है।
पूर्व कांग्रेस सांसद अन्नू टण्डन ने भी किसानों से कहा कि आपकी मुआवजे की लड़ाई को हम लोग मिलकर लड़ेगें और सरकार को किसानों का मुआवजा देना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज किसान परेशान है न तो उसे समय से खाद मिल पा रही है और न ही पानी ऐसे में देश के अन्नदाता के सामने गहरा संकट छा गया है। उन्होंने कहा कि ऊपर से किसानों से उनकी भूमि को अधिग्रहीत कर उनको पूरा मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी आप लोगों की मुआवजे की लड़ाई को आखरी दम तक लड़ेंगे।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कमल तिवारी, अनवर खुर्शीद, इंजी0 अंकित परिहार, अमित शुक्ला, अनूप मेहरोत्रा, अवधेश सिंह, विजय शंकर त्रिपाठी, विश्वास निगम, संजय निगम, विपिन त्रिपाठी समेत भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
No comments