शारदा नहर की ब्रांच कटने से राहगीर परेशान
...रिपोर्ट- रत्नम चौरसिया, एडवोकेट।
पुरवा/उन्नाव। शारदा नहर की ब्रांच पुरवा में खांदी कटने से जहां एक ओर सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न है तो वहीं दूसरी ओर पुरवा-पाटन रोड पर जलभराव होने से राहगीर परेशान हैं।
प्राप्त विवरण के अनुसार बीते एक सप्ताह से पुरवा से पाटन जाने वाले मार्ग पर तकिया रेलवे क्रासिंग से लगभग दो सौ मीटर पहले ही जलभराव है। बृहस्पतिवार को जलभराव का स्तर और बढ़ गया। इससे इस सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कारण यह है कि शारदा नहर की ब्रांच पुरवा में किसी स्थान पर खांदी कटने की जानकारी मिल रही है। इस समस्या से क्षेत्र का किसान भी परेशान है। नहर के पानी से क्षेत्र की सैकड़ों बीघा फसल भी जलमग्न है। इस गम्भीर समस्या से जहां एक ओर किसानों के माथे पर चिन्ता की लकीरें हैं तो वहीं दूसरी ओर पुरवा-पाटन मार्ग से न निकलने वाले यात्री भी परेशान हैं।
अगर कोई नहीं परेशान है तो वह है नहर विभाग व प्रशासन। प्रदेश सरकार अपने प्रशासनिक अमले को जनहित के कार्यों में ध्यानाकर्षित नहीं कर पा रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में इसका विपरीत परिणाम भी मिल सकता है। स्थानीय नागरिकों व राहगीरों में रोष व्याप्त है।

No comments