सड़क दुर्घटना में महिला समेत पांच घायल
उन्नाव। पुरवा और सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहली घटना में पुरवा कस्बा के मोहल्ला चंदीगढी़ निवासी मंगल की 26 वर्षीय पुत्री सुदामा नित्यक्रिया को खेत गई थी। पुरवा-पाटन मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना में सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के सफियापुर गांव के पास हुई। फतेहपुर चौरासी के मारुफपुर गांव निवासी गौरव द्विवेदी (30) पुत्र शिवगोपाल अपनी पत्नी श्रद्धा (28) व भांजी प्रतिभा के साथ कार से उन्नाव से वापस गांव जा रहे थे। सफीपुर के सफियापुर गांव समीप सामने से आ रही दूसरी कार में टक्कर हो गई। हादसे में गौरव उसकी पत्नी श्रद्धा, भांजी प्रतिभा और कार चालक अजय (28) पुत्र हरिराम शर्मा निवासी बर्रा-7 कानपुर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से गौरव, अजय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

No comments