नकली जेवर देने के चलते जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत तिवारी निलंबित
-एक महिला स्वर्णकार के पास जेवर ले जाने पर खुला था मामला
विशेष TPN रिपोर्ट
औरैया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में नकली
जेवर देने के मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत तिवारी को शासन ने
निलंबित कर दिया है। सोमवार देर शाम प्रमुख सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण महेश
कुमार गुप्ता की ओर से इस कार्रवाई का फैक्स जिलाधिकारी कार्यालय को मिला।
दूसरी ओर पूरे मामले की जांच के लिए समाज कल्याण विभाग के सचिव भी जिला
मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने सीडीओ कार्यालय में शिकायत करने वाली पांच
विवाहिताओं को बुलाकर उनके बयान दर्ज दर्ज किए। समाज कल्याण कार्यालय पहुंच
कर्मचारियों से भी पूछताछ की।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत औरेया के एक विद्यालय
में गत 18 फरवरी को 48 जोड़ों की शादी कराई गई थी। इनमें कुछ विवाहिताओं ने
27 फरवरी को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी से नकली पायलें और बिछिया दिए जाने
की शिकायत की थी। जांच में जेवर गिलट के पाए गए थे। मामला सामने आने पर
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने एक मार्च को सामान उपलब्ध कराने वाली संस्था
जनसेवा खादी ग्रामोद्योग सेवा संस्थान पर मुकदमा दर्ज कराया था।
डीएम के निर्देश पर सीडीओ सत्येंद्र नाथ चौधरी ने जब जांच की
तो समाज कल्याण अधिकारी विनीत तिवारी को जांच में दोषी पाया गया। जांच
रिपोर्ट में समाज कल्याण अधिकारी को ई टेंडरिंग न कराने और आपूर्तिकर्ता
फर्म को सामान के एवज में भुगतान न कर फर्जी जेवर आपूर्ति कराने का
जिम्मेदार पाया गया है।

No comments