कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते तीन मंजिला इमारत गिरी
कानपुर। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते कानपुर नगर का बुरा हाल हो चुका है। लगातार हो रही बारिश के चलते शहर का तीन चौथाई हिस्सा जलमग्न हो गया है। वही बारिश के कारण फीलखाना के समीप कमला टॉवर में तीन मंजिला इमारत ढह गई। मामले की जानकारी पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने राहत और बचाव कार्य जारी किया है। वही फीलखाना में ही रोटी गोदाम गली में भी शैलेंद्र सिंह के पुश्तैनी मकान का आधा हिस्सा बारिश के कारण ढह गया। जो हिस्सा गिरा वहां किराएदार रह रहे हैं। एक किराएदार कमलेश देवी की ग्रहस्थी दब गई। पुलिस ने बाकी हिस्से को भी जर्जर मानते हुए किरायेदारों को कहीं दूसरी जगह आशियाना ढूंढने की सलाह दी है।
इसी गली में लोहा व्यापारी गौरव जायसवाल के मकान की पहली मंजिल पर एक कमरा भी सुबह बारिश में गिर गया। इस मकान में तीन किराएदार रह रहे हैं। स्थानीय पार्षद ने बताया कि अधिकांश पुराने मकानों पर विवाद चल रहा है। मामले कोर्ट में हैं। इसकी वजह से इन मकानों के जीर्णोद्धार भी नहीं कराया गया और बारिश में यहां रहने वालों की जान जोखिम में है। फीलखाना इंस्पेक्टर आशीष मिश्रा ने बताया कि कमला टॉवर रोड मकान गिरने से बंद हो गई है। वहां सिपाहियों को लगाया गया है। कहीं किसी को कोई चोट नहीं आई। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।

No comments