कलयुगी बाप ने बेटी को उतारा मौत के घाट
लखीमपुर खीरी। जनपद के भीरा क्षेत्र के ग्राम दौलतापुर में एक कलयुगी बाप ने अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया है। मामला लगभग डेढ़ साल पुराना है। बताया जाता है कि ग्राम दौलतापुर निवासी दाताराम की 21 साल की पुत्री पूजा ने गांव के ही हरिओम पुत्र राजाराम के साथ अपनी मर्जी से शादी कर ली थी।
शादी की भनक लगने पर परिजनों ने अपनी पुत्री पर तमाम बन्दिशें लगानी शुरू कर दीं। उधर इस सख्ती से परेशान हरिओम ने कई उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी पूजा को उसके परिजनों के चंगुल से आजाद कराने की मांग की, लेकिन किसी भी अधिकारी ने यह भी नहीं सोचा कि दो-दो जिन्दगी खतरे में हैं और इस मामले को गम्भीरता से नहीं लिया।
आखिरकार बुधवार को वही हुआ जिसका हरिओम को डर था। पूजा के पिता दाताराम ने अपनी बेटी द्वारा मर्जी की शादी करने के कारण पूजा को मौत के घाट उतार दिया। उधर मामले की खबर होते ही पूजा के पति हरिओम ने भी अपनी जीवनलीला समाप्त करने के लिए जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। मामले की सूचना पर पहुंची भीरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
...रिपोर्ट - हिमांशु श्रीवास्तव। (लखीमपुर खीरी)
No comments