मौत के करीब जाकर बच्चे करते हैं स्टंट
• मौत आने से कुछ सेकेंड पहले पुल से लगाते हैं छलांग
• तेज बारिश के बीच बच्चे रोज करते हैं ये जानलेवा स्टंट
डेस्क- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में बच्चों का दिल दहला देने वाले स्टंट का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर आपके भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे। उस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कैसे मौत आने से कुछ सेकेंड पहले बच्चे पुल से छलांग लगाते हैं। इन दिनों तेज बारिश बीच बच्चे रोज ये जानलेवा स्टंट करते हैं। कैसे बच्चे जान हथेली पर रखकर रेलवे ब्रिज के ऊपर खड़े हैं और बगल से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन का बहुत करीब आने तक इंतजार करते हैं और जब ट्रेन कुछ सेकंड की दूरी पर होती है तो वे छलांग लगा देते हैं।
दरअसल यह वीडियो बाराबंकी से गुजरने वाले जमुरिया नाले के ऊपर बने रेलवे ब्रिज का है। मूसलाधार बारिश के चलते जमुरिया नाले ने नदी का रूप ले लिया है। इसी उफनाते हुए नाले में बच्चे रेलवे ब्रिज के ऊपर से जानलेवा छलांग लगाकर मौत को दावत देते हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे जमुरिया नाले का पानी पास बनी बस्ती में रह रहे लोगों के घरों में भी घुस गया है। जिससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहीं बने पुल से बस्ती में रह रहे बच्चे मौत की छलांग लगाते हैं जो किसी भी वक्त किसी बड़े हादसे को दावत दे सकता है।

No comments